*मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का प्रभारी मंत्री नन्दी ने लिया जायजा*
*जनसभा स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश*
मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुवार को जनपद मिर्जापुर आगमन के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं जनपद मिर्जापुर के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बुधवार को तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं अधिकारियों के साथ कालीखोह तिराहे पर तैयार किए जा रहे जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को विंध्याचल के मोतियाझील स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह मंदिर के पीछे गंगा तट पर निर्माणाधीन घाटों के कार्यों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात कालीखोह मोड़ पर शिक्षक विधान परिषद प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रभारी मंत्री नन्दी ने जनसभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रभारी मंत्री ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग की उचित व्यवस्था करने तथा कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने को कहा, ताकि मुख्यमंत्री का जनपद भ्रमण सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।