मसूरी पब्लिक स्कूल के डायमंड जुबली में दिखेगा लोक संस्कृति का रंग
मसूरी। मसूरी पब्लिक स्कूल अपने 60 वर्ष के गौरवशाली सफर को यादगार बनाने के लिए एक अक्टूबर को 60वां फाउंडर्स डे समारोह मनाएगा। स्कूल सभागार में होने वाले भव्य आयोजन में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति के साथ उत्तराखंड की लोक परंपराओं, वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य की झलक देखने को मिलेगी। समारोह में डीआरडीओ से जुड़ी वैज्ञानिक एवं मुख्य अतिथि अनीता पुरी मोहिन्द्रा के शामिल होने की जानकारी स्कूल प्रबंधन ने दी।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने बताया कि स्कूल के 60 वर्ष पूरे होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। इस बार फाउंडर्स डे को विशेष बनाने के लिए विद्यार्थियों की प्रतिभा को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा गया है। खास बात यह होगी कि कार्यक्रम में करीब तीन वर्ष की उम्र के नन्हे बच्चों से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थी संयुक्त रूप से प्रतिभाग करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वंदना, प्री-प्राइमरी के बच्चों की द इनक्रेडिबल्स, अंग्रेजी नाटक तेनाली रमन इन द 21वीं सेंचुरी, हिंदी व्यंग्य नाटक जामुन का पेड़, बैंड प्रस्तुति तथा रूट्स एंड रिदम्स-फोक फ्यूजन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों की उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की कला प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्कूल का प्रयास है कि बच्चों को केवल शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उनके भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि फाउंडर्स डे को लेकर शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और अभिभावक उत्साहित हैं। अभिभावकों के लिए यह भावुक और गर्व का क्षण होता है, जब वे अपने बच्चों को मंच पर प्रतिभा का प्रदर्शन करते देखते हैं। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि का संबोधन, धन्यवाद ज्ञापन, स्कूल गीत और राष्ट्रगान होगा। इस दौरान उपप्रधानाचार्य भावना गौतम, संदीप राणा, पूनम सिंह और राकेश जोशी समेत विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 24, 2026