लोहंडा के पास से पुलिस ने अवैध बालू लदा 08 ट्रैक्टर किया जब्त, 07 चालक गिरफ्तार, बालू माफिया के बीच मचा हड़कंप
अवैध बालू खनन और कारोबार के विरुद्ध जमुई पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान सोमवार को सिकंदरा थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी विश्वजीत दयाल के निर्देश पर सिकंदरा थाना क्षेत्र के लोहंडा नहर के पास से घेराबंदी कर अवैध बालू लदा 08 ट्रैक्टर को जब्त किया गया है, साथ ही 07 चालक को भी मौके से दबोचा गया है। उक्त जानकारी साइबर DSP अभिषेक कुमार ने सोमवार की शाम 4:00 बजे प्रेस वार्ता के दौरान दी है। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया। कुछ क्षण के लिए घटनास्थल के इर्दगिर्द दहशत फैल गई। लोगों के बीच अफरा- तफरी का माहौल बन गया। यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। गिरफ्तार चालक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के नवीनगर गांव निवासी सुलेन्द्र यादव के पुत्र रोहित कुमार, चंदवारा गांव निवासी सुखदेव यादव के पुत्र गुड्डू कुमार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी रामजी यादव के पुत्र प्रियांशु कुमार, ख़ैरा थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव निवासी भरत यादव के पुत्र बबूलाल कुमार,
लखिसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनैसी गांव निवासी मेघु यादव के पुत्र सुमन कुमार, राता गांव निवासी अशोक महतो के पुत्र मनीष कुमार और चानन थाना क्षेत्र के भलुई गांव निवासी मनोज यादव के पुत्र सोन कमार के रूप में हुई है।
साइबर डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए गए विशेष समकालीन अभियान के तहत उनके नेतृत्व में सिकंदरा थानाध्याक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवानों द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि सिकंदरा थाना को गुप्त सूचना मिली कि मंडावे गांव की ओर से कुछ अवैध बालू लदा ट्रैक्टर आ रहा है। इसके बाद एसपी के निर्देशन में उनके के नेतत्व में विशेष टीम का गठन कर सिकंदरा-लखीसराय मुख्य मार्ग स्थित लोहण्डा नहर के पास से कुल 08 अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया गया और सात वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक वाहन चालक भागने में सफल रहा। आगे उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर मालिक की भी पहचान कर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार सभी चालक को कोर्ट में पेशी कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा जमुई के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर अलग अलग टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। #jamui #jamuiPolice #CrimeAlert #DSP
Jamui, Jamui | Oct 13, 2026