MSME उद्योगों पर PNG की बढ़ती कीमतों का भारी दबाव
IEA प्रतिनिधिमंडल ने IGL अधिकारियों से की कीमत कम करने और पारदर्शिता की मांग
गाजियाबाद, 19 अगस्त 2026: इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के अधिकारियों से मुलाकात कर पिछले कुछ महीनों में PNG की कीमतों में हुई तेज बढ़ोतरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। IEA के अनुसार, PNG की कीमत करीब ₹52 प्रति SCM से बढ़कर ₹99 प्रति SCM तक पहुंच गई है। इससे MSME उद्योगों की उत्पादन लागत पर भारी दबाव पड़ा है और छोटे एवं मध्यम उद्योगों के सामने व्यवसाय संचालन तथा प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है।
IEA अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा ने बैठक में कहा कि PNG की कीमतों में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है, जबकि MSME क्षेत्र के ग्राहक उत्पादों की कीमतों में उसी अनुपात में बढ़ोतरी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। ऐसे में बढ़ी हुई ऊर्जा लागत का पूरा भार ग्राहकों पर डालना उद्योगों के लिए संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि MSME क्षेत्र पहले से ही वेतन वृद्धि और अन्य बढ़ती उत्पादन लागतों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में PNG की कीमतों में तेज वृद्धि ने उद्योगों की आर्थिक स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
IEA प्रतिनिधिमंडल ने PNG की कीमतों में बदलाव को लेकर पारदर्शिता और पूर्व सूचना (Pre-intimation) का मुद्दा भी IGL अधिकारियों के समक्ष उठाया। संगठन का कहना है कि ऊर्जा लागत में अचानक वृद्धि होने से उद्योग अपने उत्पादन, लागत और ग्राहक अनुबंधों की बेहतर तरीके से योजना नहीं बना पाते।
IEA ने IGL से मांग की कि MSME क्षेत्र के लिए PNG की कीमतों में तत्काल राहत दी जाए, ताकि छोटे एवं मध्यम उद्योग अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रख सकें। संगठन ने कहा कि ऊर्जा लागत लगातार बढ़ने से उत्पादन, रोजगार और MSME क्षेत्र की छोटी इकाइयों पर सीधा असर पड़ सकता है।
बैठक में IGL की ओर से श्री अशोक कुमार, GM PNG Marketing, श्री अर्जुन शुक्ला, DGM Marketing और श्री पॉली गेरा, DGM PNG Marketing उपस्थित रहे।
IEA प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष संजीव शर्मा, पी.के. तिवारी, अंकित गोयल, महिपाल सिंह एवं विपुल गर्ग शामिल रहे।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Aug 19, 2026