भागलपुर में बड़ा हादसा: 22 मजदूरों से भरी नाव गंगा में पलटी, 21 सुरक्षित; एक लापता
भागलपुर के नवगछिया स्थित खरीक प्रखंड में बुधवार को गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। राघोपुर तटबंध के पास बालू से भरी बोरियां लेकर जा रही नाव अचानक पलट गई। नाव पर 22 मजदूर सवार थे। हादसे के बाद गंगा में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर नदी में बहने लगे।
बताया जा रहा है कि तटबंध में कुछ दिन पहले टूटने के बाद लगातार कटाव हो रहा था। कटाव रोकने के लिए प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान नाव पर बालू से भरी बोरियां लाई जा रही थीं। बोरियों को नाव के एक तरफ से फेंके जाने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में पलट गई।
नाव पलटते ही आसपास मौजूद छह नावें और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक मजदूर के अब भी लापता होने की सूचना है। लापता मजदूर की तलाश में नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Barh, Patna | Aug 26, 2026