#गांधी जयंती पर बलिया में रोजगार मेला, 12 से 32 हजार तक वेतन वाले पदों पर भर्ती
#बलिया, 1 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान एवं महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 2 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, भृगु आश्रम, तारा निवास गली, बलिया में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
रोजगार मेले में टाटा मोटर्स कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, एमआरएफ रबर टायर्स, लॉन्ड्री मेट समेत विभिन्न कंपनियां एवं नियोजक शामिल होंगे। इनमें ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन और ई-वी. तिपहिया चालक सहित विभिन्न पदों पर निशुल्क चयन किया जाएगा।
विभिन्न पदों के लिए 12,000 से 32,000 रुपये प्रतिमाह तक सीटीसी निर्धारित की गई है। इसके अलावा बीवीजी इंडिया सर्विसेज की ओर से दुबई (UAE) में स्टील फिक्सर, कारपेंटर, प्लास्टर मेसन और कंस्ट्रक्शन हेल्पर के जॉब रोल के लिए भी पंजीकरण कराया जाएगा।
विभाग के अनुसार नियोक्ता कंपनियों की रिक्तियों से संबंधित विवरण रोजगार संगम पोर्टल पर प्रदर्शित कर दिया गया है। अकुशल श्रमिकों से लेकर 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार पोर्टल पर पंजीकरण कर इच्छुक कंपनियों में आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को 2 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रोजगार मेले में अपने सभी शैक्षिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र एवं छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने को कहा गया है। साथ ही सीएम-यूए (CM-YUA) के तहत स्वरोजगार के लिए इच्छुक युवाओं का पंजीकरण भी किया जाएगा।