जमीन की मेड़ पर लकड़ी गाड़ने को लेकर विवाद, मारपीट-पथराव के बाद फायरिंग; तीन घायल
मुरैना। पोरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी की जोटई में जमीन की मेड़ पर लकड़ी गाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट, पथराव और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में अंशुल तोमर, सीता देवी और धर्मेंद्र सिंह घायल हुए हैं। अंशुल के हाथ में गोली लगने की बात सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए पोरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल पक्ष ने रामपाल सिंह, बादल सिंह, रोहित सिंह और कुलदीप सिंह पर मारपीट करने तथा कट्टे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पोरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पोरसा थाना प्रभारी जयदीप भदौरिया के अनुसार, पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ लोगों को राउंडअप किया है और घटना की जांच की जा रही है।