सोशल मीडिया पर 12 बोर हथियार के साथ पोस्ट वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम एवं पुलिस थाना सदर चित्तौड़गढ़ की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया पर 12 बोर हथियार के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में भय व्याप्त करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है।
सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी निगरानी से आरोपी की पहचान
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी गजेन्द्र सिंह एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला विशेष टीम के प्रभारी एएसआई सूरज कुमार द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान ‘ओम मीणा’ नाम से संचालित सोशल मीडिया आईडी पर हथियार के साथ पोस्ट अपलोड करना पाया गया। सोशल मीडिया अकाउंट की निगरानी एवं तकनीकी विश्लेषण किया गया। टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट संचालक की पहचान सुनिश्चित कर ओमप्रकाश मीणा पुत्र रतनलाल मीणा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मीणा मोहल्ला, मीठा राम जी का खेड़ा, थाना सदर चित्तौड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।
हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, भ्रामक सामग्री, गुंडागर्दी का प्रदर्शन अथवा अपराध का महिमामंडन कर आमजन में भय पैदा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने अथवा आमजन में भय का वातावरण उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Chittaurgarh, Chittorgarh | Aug 19, 2026