दुर्गा पूजा को लेकर रफीगंज में निकाला गया फ्लैग मार्च, ड्रोन और कैमरों से होगी निगरानी
रफीगंज (औरंगाबाद)।
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रफीगंज पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। वहीं, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
फ्लैग मार्च प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अश्विनी, अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद एवं थानाध्यक्ष शंभू कुमार की देखरेख में निकाला गया। यह मार्च रफीगंज थाना परिसर से शुरू होकर दुर्गा मंदिर, मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, मुरली चौक, स्टेशन परिसर स्थित टिकट काउंटर, महाराजगंज, राजा बगीचा, न्यू एरिया, मस्जिद, नसरू मोड़, कलाली मोड़ और बस स्टैंड होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस दौरान थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए ड्रोन और कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फ्लैग मार्च में अपर थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार, एसआई आकाश कुमार, मिथिलेश कुमार, हिमांशु कुमार, बबनजीत कुमार, राजेश रंजन, जय प्रकाश बाजपेयी, एएसआई बिपिन कुमार सहित एसटीएफ के जवान और भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मुस्तैद रखा जाएगा।