श्रावण में भक्ति का रंग: औरंगाबाद के जलवन गांव से 10 काँवरियों का जत्था बाबा धाम को रवाना
बोल बम" के जयकारों पर थिरकते हुए निकले शिवभक्त
औरंगाबाद: पवित्र श्रावण मास में शिवभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा है। मदनपुर प्रखंड क्षेत्र के ग्राम जलवन से रविवार को नवयुवक काँवरिया संघ के 10 काँवरियों का जत्था पवित्र जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए श्रद्धापूर्वक रवाना हुआ।
यात्रा से पूर्व सभी काँवरियों ने गांव के शिव मंदिर समेत अन्य में पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद "नमः शिवाय" और "बोल बम" लिखे बैनर से सजी गाड़ी पर काँवर रखकर यात्रा शुरू की गई। बैनर पर भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश की मनोहारी तस्वीरें लगी थीं।
संघ के मुख्य संयोजक टिंकू गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष श्रावण में हम गांव के युवा बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने जाते हैं। इस बार भी 10 सदस्य पूरे उत्साह के साथ जा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रिंस कुमार, विक्की कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का मानना है कि श्रावण में की गई काँवर यात्रा से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।