महाविद्यालय में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई गांधी जयंती
राजकीय महाविद्यालय कालका की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई । कार्यक्रम का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग, पंजाबी विभाग, इतिहास विभाग एवं हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों सत्य, अहिंसा, स्वच्छता तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित करवाना था। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया जिसका विषय रहा "आधुनिक युग में महात्मा गांधी के विचारों का महत्व"। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, सादगी, सामाजिक सद्भाव एवं मानवता से जुड़े विचारों को अपने भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने बताया कि तेजी से बदलते आधुनिक समाज में गांधी जी के विचार आज भी शांति, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं ।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने गांधी जी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान तथा उनके सामाजिक एवं नैतिक विचारों पर भी प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने अपने विचारों को तर्कपूर्ण एवं प्रभावशाली रंग से प्रस्तुत करते हुए यह बताया कि गांधी जी का दर्शन केवल स्वतंत्रता संग्राम तक सीमित नहीं है बल्कि वर्तमान पीढी़ के लिए भी मार्गदर्शक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विशेष रूप से अहिंसा और सत्य के सिद्धांत, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा विचार विमर्श की क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा प्रथम स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की अंशिका ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की इतिका ने प्राप्त किया, तृतीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की समृद्धि और बीबीए द्वितीय वर्ष की खुशी ने प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनीति विज्ञान विभाग अध्यक्षा एसोसिएट प्रोफेसर सुनीता चौहान, हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ बिंदु, पंजाबी विभाग अध्यक्ष डॉ जगपाल, इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर गुरमीत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी भी प्रदान की गई। कुल 53 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
Panchkula, Panchkula | Oct 2, 2026