जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पहुँचा जनता के द्वार
सहयोग पोर्टल: जनसमस्या के निदान का सशक्त एवं प्रभावी हथियार, अपील का भी प्रावधान
जिले मे सहयोग पोर्टल से 25172 आवेदन प्राप्त एवं 22893 का हुआ निष्पादन
जिलाधिकारी के कर कमलों द्वारा चार भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा एवं पांच लाभुकों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित
डीएम एसएसपी ने लदनिया प्रखंड के एकहरी पंचायत मे आयोजित सहयोग शिविर में की शिरकत
~~~~~~~~~~~~~~
मधुबनी,
6 अक्टूबर 2026
जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविर के क्रम में मंगलवार को लदनिया प्रखंड अंतर्गत एकहरी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने शिरकत की। जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं परिवादियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर शिविर मे उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए सहयोग पोर्टल एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए सहयोग पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने बताया कि मधुबनी जिले में सहयोग पोर्टल के माध्यम से अब तक 25,172 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 22,893 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदन के निष्पादन से यदि कोई आवेदक संतुष्ट नहीं है, तो उसके लिए अपील की व्यवस्था भी है। इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से दर्ज कराएं तथा उपलब्ध प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी ने पंचायतवासियों को पंचायत स्तरीय कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं का प्रभावी उपयोग होने से आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड, अनुमंडल अथवा जिला मुख्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे उनके समय, श्रम एवं पैसे की बचत होगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर शिविर मे पंचायत स्तरीय कर्मियों ने बारी बारी से जनता के बीच उपस्थित होकर अपना नाम, पदनाम मोबाइल नंबर तथा दायित्व से उन्हें अवगत कराया। जिलाधिकारी ने पंचायत कर्मियो को पंचायत मे भ्रमण कर आम लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने को कहा। उन्होंने पंचायत सरकार भवन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मात्र एक भवन नहीं, बल्कि पंचायतवासियों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी पंचायत स्तरीय कर्मी अपने पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित रहकर पूरी तत्परता एवं जवाबदेही के साथ आम लोगों के कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
अभियान बसेरा की चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि पात्र एवं योग्य भूमिहीन परिवारों को वास योग्य भूमि उपलब्ध कराने एवं वासगीत पर्चा प्रदान करने के उद्देश्य से 26 से 30 सितंबर तक पांच दिनों का पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए गए थे। उन्होंने बताया कि भूमिहीन परिवार वासगीत पर्चा के लिए अंचल कार्यालय अथवा पंचायत स्तर पर आयोजित शिविर में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच के बाद पात्र एवं योग्य लाभुकों को वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके द्वारा बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं प्रगति लाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपने बच्चे-बच्चियों को अनिवार्य रूप से विद्यालय भेजने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने ग्रामीणों को छोटी-मोटी समस्याओं, आपसी मतभेद एवं स्थानीय विवादों के समाधान के लिए ग्राम कचहरी की व्यवस्था का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वैधानिक संस्थाओं के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराने से समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने एकहरी पंचायत के ग्रामीणों द्वारा दिए गए स्नेह, सम्मान एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पंचायत सरकार भवन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक किया।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी के कर-कमलों से अभियान बसेरा के तहत चार भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा प्रदान किया गया। वहीं पांच लाभुकों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सहयोग शिविर में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, जयनगर के अनुमंडल पदाधिकारी श्री दीपक कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार दीपक, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजीव रंजन, मुखिया श्रीमती चंद्रकला देवी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारी-कर्मी तथा पंचायत प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
#samratChoudhary
#CMSamrat
#MadhubaniFirst
3 views | Madhubani, Bihar | Oct 6, 2026