श्रीनगर कोतवाली में देर रात हंगामा, छात्रों ने जमीन पर सोकर किया प्रदर्शन
पुलिस पर अभद्रता और छात्र को थप्पड़ मारने का आरोप, मांग नहीं माने जाने पर रात 3 बजे तक गूंजे ‘श्रीनगर पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे
श्रीनगर। सड़क हादसे के बाद पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर श्रीनगर में देर रात जमकर हंगामा हुआ। पुलिस पर छात्र के साथ कथित अभद्रता और थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए छात्र संघ से जुड़े पदाधिकारी और छात्र नेता रात करीब साढ़े 12 बजे श्रीनगर कोतवाली पहुंच गए। छात्रों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार, देर रात श्रीनगर क्षेत्र में बाइक और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा के अनुसार, वह उस समय मौके से गुजर रहे थे और हादसा देखकर घायलों की मदद के लिए वहां रुके। आरोप है कि कुछ देर बाद पुलिस की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। जसवंत राणा का कहना है कि गाड़ी से बाहर आए एक व्यक्ति ने स्वयं को सीओ बताया और हादसे में शामिल एक छात्र को थप्पड़ मार दिया।
जसवंत राणा के मुताबिक, उन्होंने छात्र के साथ कथित तौर पर की गई इस कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और बड़ी संख्या में छात्र नेता व छात्र संघ पदाधिकारी श्रीनगर कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली में जमीन पर सोकर किया प्रदर्शन :
कोतवाली पहुंचने के बाद छात्र नेताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। छात्रों ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जब उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गए। विरोध जताते हुए कई छात्र जमीन पर ही सो गए और रातभर आंदोलन जारी रखा।
छात्र नेताओं का कहना था कि यदि पुलिसकर्मी द्वारा छात्र के साथ मारपीट या अभद्रता की गई है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। छात्रों ने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की।
रात तीन बजे तक सड़कों पर प्रदर्शन :
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित छात्र रात करीब तीन बजे कोतवाली से बाहर निकले और श्रीनगर नगर क्षेत्र में घूम-घूमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और ‘श्रीनगर पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। देर रात शहर की सड़कों पर छात्रों के प्रदर्शन से माहौल गरमाया रहा।