सहोरबा में चेकिंग के दौरान विवाद, पुलिस-ग्रामीणों में झड़प; 8 गिरफ्तार
सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र के सहोरबा गांव में शुक्रवार देर शाम इंडो-नेपाल रोड के समीप चेकिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान डायल 112 वाहन में तोड़फोड़ कर शीशे भी फोड़ दिए गए।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम नेपाल के नारायणपुर की ओर से आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सहोरबा निवासी और मुर्गी फार्म संचालक लाल बाबू साह वहां पहुंचे। पूछताछ और जांच के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक जवान द्वारा डंडा चलाए जाने से लाल बाबू साह घायल हो गए। इसके बाद गांव में घटना की जानकारी पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थिति बिगड़ने पर डायल 112 की टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच फिर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। आक्रोशित लोगों ने डायल 112 वाहन के गेट में तोड़फोड़ कर शीशा तोड़ दिया। घटना में सब इंस्पेक्टर पुनित कुमार, सिपाही चन्द्रकेतु यादव और प्रीति कुमारी घायल हो गए। वहीं ग्रामीण वैदेही यादव और लाल बाबू साह भी घायल हुए।
सभी घायलों को सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सब इंस्पेक्टर पुनित कुमार, वैदेही यादव और लाल बाबू साह को सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद एएसपी आशीष आनंद समेत कई पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे। देर रात तक पुलिस बल तैनात रहा। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, मामले में करीब आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
#सीतामढ़ी #सोनबरसा #सहोरबा #पुलिसझड़प #बिहारन्यूज #CrimeNews #BreakingNews #SITAMARHI #BiharNews
Bajpatti, Sitamarhi | Oct 3, 2026