मसूरी में गोल्फ कार्ट संचालन और रोजगार की मांग को लेकर श्रमिकों की भूख हड़ताल शुरू
14 गोल्फ कार्ट संचालक तीन दिन तक बैठेंगे भूख हड़ताल पर, मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
मसूरी में गोल्फ कार्ट संचालन, श्रमिकों को रोजगार और पुनर्वास योजना लागू करने की मांग को लेकर बुधवार से गोल्फ कार्ट संचालकों ने तीन दिवसीय भूख हड़ताल शुरू कर दी। 14 गोल्फ कार्ट संचालकों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एसडीएम मसूरी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि तीन दिन में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
गोल्फ कार्ट संचालक रणजीत सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली के कारण श्रमिकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन द्वारा मजदूर संघ के दो हिस्से कर दिए गए हैं, जिससे श्रमिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं। गोल्फ कार्ट का संचालन नहीं कराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि कई श्रमिक लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
श्रमिकों ने वर्ष 2025 में नगर पालिका प्रशासन द्वारा प्रस्तावित और आवंटित गोल्फ कार्ट का पंजीकरण शीघ्र कराने की मांग की, ताकि अप्रैल माह से बेरोजगार बैठे श्रमिकों को रोजगार मिल सके। इसके साथ ही वर्ष 2024-25 में रिक्शा श्रमिकों के पुनर्वास के लिए तैयार की गई योजना को तत्काल लागू करने और इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित करने की मांग उठाई गई, जिससे सभी पात्र श्रमिकों को योजना का लाभ मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गोल्फ कार्ट संचालन शुरू नहीं होने और पुनर्वास योजना लंबित रहने से श्रमिकों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने पालिका प्रशासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर रोजगार का रास्ता खोलने की अपील की। श्रमिकों ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 30, 2026