सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मेगा कृषि ऋण आउटरीच में 8 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मंडला द्वारा जिले की विभिन्न शाखाओं में मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि क्षेत्र में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों, स्वयं सहायता समूहों, कृषि उद्यमियों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों को विभिन्न कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए कुल 8 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अविनाश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री सुजय कुमार, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री देवब्रत पाल, आरसेटी मंडला के निदेशक श्री राजेश रॉय, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मंडला शाखा प्रमुख श्री निखिल वोहरा, हिरदेनगर शाखा प्रबंधक श्री आशुतोष सोमकुंवर सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न कृषि योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में किसानों, स्व सहायता समूहों तथा कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें सेंट कोल्ड स्टोरेज, सेंट फूड प्रोसेसिंग, पोल्ट्री फार्म, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान साथी तथा कृषि अवसंरचना निधि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके साथ ही हितग्राहियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया गया।
किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को मिलेगा लाभ
जिले की विभिन्न शाखाओं द्वारा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृत किए गए 8 करोड़ रुपये के ऋण से किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों को कृषि गतिविधियों के विस्तार, कृषि प्रसंस्करण, व्यवसाय विकास तथा आजीविका सुदृढ़ीकरण में सहायता मिलेगी।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Mandla, Madhya Pradesh | Aug 18, 2026