कचनी में अल्ट्राटेक ट्रैक्टर एजेंसी के बेसमेंट में घुसा पानी, कई ट्रैक्टर डूबे
नगर निगम की लापरवाही से व्यापारियों को लाखों का नुकसान, ठोस कार्रवाई की मांग
सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के बीच कचनी स्थित विजय बंधु पेट्रोल टंकी के पास अल्ट्राटेक ट्रैक्टर एजेंसी के बेसमेंट में बारिश का पानी भर जाने से कई ट्रैक्टर पानी में डूब गए। पानी भरने से एजेंसी संचालक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान हर बार जलभराव की स्थिति बनती है। इस समस्या को लेकर व्यापारियों द्वारा कई बार नगर निगम के अधिकारियों से ध्यान देने और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने का आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
व्यापारियों ने नगर निगम से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों में पानी न घुसे और व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान न उठाना पड़े।
स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि यदि समय रहते नगर निगम द्वारा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो इस तरह के नुकसान से बचा जा सकता था।