बोकारो थर्मल। एसजीएफआई झारखंड के तत्वावधान में आयोजित जिलास्तरीय अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कार्मेल हाई स्कूल, बोकारो थर्मल की बालक एवं बालिका दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय देते हुए अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। कड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों टीमों ने फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
विद्यालय की खेल प्रशिक्षु मोनिका कर्मकार एवं शिक्षक विश्वनाथ के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की। दोनों टीमों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षु एवं शिक्षक को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्या सिस्टर प्रेमलता लॉरेंस ए सी ने कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यालय द्वारा निरंतर अवसर एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाता रहेगा।