बस्ती: कृषि विज्ञान केंद्र में 5 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण शुरू, 25 युवाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मंत्र
*बस्ती, 05 अक्टूबर 2026।* आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती में आज से रोजगार परक प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन-III कानपुर से वित्त पोषित *सरल परियोजना* के तहत *मशरूम उत्पादन तकनीक* पर 5 दिवसीय (5 से 9 अक्टूबर) व्यावसायिक प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी अधिकारी *डॉ. पी.के. मिश्रा* ने की। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन कम लागत, कम स्थान और कम समय में अधिक आय का साधन है। यह ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता का सबसे बेहतर विकल्प है। उन्होंने धान-गेहूं के भूसे के उपयोग, उत्पादन इकाई की स्थापना, तापमान-आर्द्रता प्रबंधन और बचे अवशेषों से जैविक खाद बनाने की जानकारी दी। प्रशिक्षण के कोर्स कोऑर्डिनेटर *डॉ. प्रेम शंकर (पादप सुरक्षा)* ने बटन मशरूम की उत्पादन तकनीक, स्पॉन का चयन, भूसे का उपचार, बैग तैयार करना, स्पॉनिंग, इनक्यूबेशन और कीट-रोग प्रबंधन पर विस्तार से बताया।
*डॉ. वी.बी. सिंह (पादप प्रजनन)* ने गुणवत्तापूर्ण स्पॉन की पहचान और उत्पादन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। *डॉ. अंजलि वर्मा (गृह विज्ञान)* ने मशरूम के पोषक तत्वों, प्रसंस्करण, भंडारण और मशरूम पाउडर, अचार, नमकीन जैसे मूल्यवर्धित उत्पादों के बारे में बताया। उन्होंने महिला उद्यमिता पर विशेष जोर दिया।
*आर.वी. सिंह (कृषि प्रसार)* ने मशरूम को व्यवसाय के रूप में अपनाने, लागत-लाभ, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग की जानकारी दी। इस प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के 25 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया।
कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती का यह प्रयास युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। कम पूंजी में शुरू होने वाला मशरूम उत्पादन निश्चित रूप से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 5, 2026