आज ताऊ देवी लाल स्टेडियम में क्रिकेट का महाकुंभ, बी. प्राक की आवाज पर झूमेगा पंचकूला
नमो क्रिकेट लीग के ग्रैंड फिनाले में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्य अतिथि, विजेता को 21 लाख और उपविजेता को 11 लाख रुपये
पंचकूला, 3 अक्टूबर: सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट, मनोरंजन और संगीत का भव्य संगम देखने को मिलेगा। सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित नमो क्रिकेट लीग-2026 का ग्रैंड फिनाले आज खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। मैदान पर जहां दोनों टीमें ट्रॉफी के लिए जोर लगाएंगी, वहीं शाम को मशहूर गायक बी. प्राक अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने बताया कि लीग के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा। खेल और संगीत के इस संगम को लेकर स्टेडियम में विशेष तैयारियां की गई हैं।
*विजेता टीम को 21 लाख की इनामी राशि*
मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद ने बताया कि लीग के फाइनल के साथ खिलाड़ियों पर इनामों की बौछार होगी। विजेता टीम को 21 लाख रुपये, उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को पांच लाख रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
फाइनल मुकाबले में हर चौका-छक्का और विकेट के साथ रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। दोनों टीमों के खिलाड़ी खिताबी जीत के लिए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगे।
*क्रिकेट के बाद बी. प्राक की सुरमयी शाम*
फाइनल मुकाबले के बाद लोकप्रिय गायक बी. प्राक की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी। उनकी आवाज पर क्रिकेट प्रेमियों के साथ शहर के युवा भी झूमते नजर आएंगे। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है और उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रवक्ता मुकेश सिंगला ने कहा कि लीग के फाइनल को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान खेल के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें खेलों से जोड़ने का संदेश भी दिया गया है।
खेल के साथ युवाओं को सकारात्मक संदेश
नमो क्रिकेट लीग के आयोजन का उद्देश्य केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। आयोजकों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए मंच देने पर जोर दिया। उनका कहना है कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का माध्यम हैं।
अब लीग का अंतिम पड़ाव सामने है। एक तरफ खिलाड़ी ट्रॉफी और लाखों रुपये की इनामी राशि के लिए मैदान में दम लगाएंगे, तो दूसरी ओर दर्शकों को बी. प्राक की प्रस्तुति का आनंद मिलेगा। ऐसे में रविवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में क्रिकेट के रोमांच के साथ संगीत की महफिल भी सजेगी।