सीवरेज के पानी से गुजरी सेवा ज्योति यात्रा, गड्ढों के कारण बदला रास्ता : जालोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को भाजपा ने सेवा ज्योति यात्रा निकाली।
सुंदेलाव तालाब से शुरू हुई यात्रा में भाजपा कार्यकर्ता विकास व जनकल्याण का संदेश लेकर निकले। सामतीपुरा रोड पर सीवरेज ओवरफ्लो होने से सड़क पर गंदा पानी भरा था, जिससे यात्रा को इसी पानी के बीच से गुजरना पड़ा। वहीं हरिदेव जोशी सर्कल के पास भी सीवरेज जाम होने से सड़क पर पानी भरा मिला। यहां सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं को रास्ता बदलकर आगे बढ़ना पड़ा। यात्रा पंचायत समिति, हरिदेव जोशी सर्कल और घाचियों की पिलानी होते हुए वीरमदेव चौक पहुंची। इस दौरान शहर की बदहाल सड़क और सीवरेज व्यवस्था की स्थिति भी सामने आई। इससे पहले सुंदेलाव तालाब पर विकसित भारत संकल्प सभा हुई, जिसे पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधित किया। यात्रा में सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक जीवाराम और छगन सिंह राजपुरोहित सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान नगर अध्यक्ष रवि सोलंकी, गजेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रकाश छाजेड़, विमला विश्नोई व उर्मिला दर्जी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
Jalor, Jalor | Oct 7, 2026