#छात्रवृत्ति से 5909 छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले, 1.49 करोड़ रुपये वितरित
बलिया, 3 अक्टूबर,। छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन सभागार में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण का भी प्रदर्शन किया गया।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए। जीजीआईसी की कक्षा 12 की 28 छात्राओं को 3290 रुपये तथा कुंवर सिंह इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के 16 छात्र-छात्राओं को 2250 रुपये की छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र दिए गए।
जिले में तीनों विभागों के माध्यम से कुल 5909 छात्र-छात्राओं को 1,49,74,120 रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई। इनमें सामान्य वर्ग के 222, अनुसूचित जाति के 327, अनुसूचित जनजाति के 310, पिछड़ा वर्ग के 4582 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 468 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ वंदे मातरम का गायन कर कार्यक्रम का समापन किया।