धूमधाम से मनाया सुपवा का 13वां स्थापना दिवस
- दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर कुलगुरु ने किया माल्यार्पण
14 अगस्त 2026, रोहतक।
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) का 13वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने सूर्य कवि दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए पूरे सुपवा परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान यूनिवर्सिटी के टीचिंग, नॉन टीचिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारियों ने भी सूर्य कवि दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि जिस मकसद के लिए सुपवा की स्थापना की गई थी, वह उसी लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है। यहां कड़ी मेहनत से प्रतिभाओं को निखारा जा रहा है, जो अपने क्षेत्र में यूनिवर्सिटी व प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। यहां पर बनी शॉर्ट फिल्में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान छोड़ रही हैं। यहां से प्रशिक्षित छात्र फिल्म इंडस्ट्री में मुकाम हासिल कर रहे हैं। सुपवा में तैयार हो रहे आर्किटेक्ट अत्याधुनिक भवन निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हुए भविष्य के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में जुटे हैं। यहां से प्रशिक्षित डिजाइनर फैशन इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में अपना श्रेष्ठ योगदान दे रहे हैं। जबकि, विजुअल आर्ट्स की कलाएं सीख कर यहां के ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट युवा अपनी कलात्मक प्रतिभा के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में नाम कमा रहे हैं। डॉ आर्य ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि सुपवा से निकलने वाली प्रत्येक प्रतिभा कोई न कोई मुकाम हासिल करे, इस दिशा में हम कार्य शुरू कर चुके हैं। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा, डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक, सभी फैकेल्टी के एफसी आदि ने भी दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।