
कुल्लू 24 सितंबर 2026
भव्य ग्लोबल नृत्य व ड्रोन एवं लेज़र शो होंगे आकर्षण का केंद्र : सुंदर सिंह ठाकुर विधायक एवं अध्यक्ष दशहरा कमेटी इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का आयोजन 21 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस वर्ष यह प्रयास किए जा रहे हैं कि बेहतरीन अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की इसमें सहभागिता हो। इस बार एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय और विदेशी संस्कृति का मिश्रण प्रस्तुत किया जाएगा तथा इसे ग्लोबल नृत्य के रूप में डिजाइन करके प्रस्तुत किया जायेगा। हर वर्ष की भांति अंतर्राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव इस आयोजन का मुख्य आकर्षण है, जिसमें हिमाचल प्रदेश के रंगारंग लोक नृत्यों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा।यह बात विधायक एवं अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने अटल सदन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा की 17वीं शताब्दी से चली आ रही कुल्लू दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा की झलक पुरे विश्व स्तर दिखाई दे इसके लिए पूरा प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू में लगभग 365 स्थानीय देवी-देवता निवास करते हैं इसलिए इस भूमि को देवभूमि के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के आयोजन के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय यह कार्यक्रम बीते वर्षों की परंपरा के अनुसार मनाया जाएगा, हालांकि इसमें प्रतिवर्ष की तरह और अधिक आकर्षक एवं सुंदर बनाने के प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्लाटों के आवंटन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी तथा समावेशी बनाने का प्रयास किया गया है तथा प्लाटों के बेस प्राइस में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कुल्लू का दशहरा अपनी अनूठी देव संस्कृति की दृष्टि से सबसे भव्य एवं बड़ा उत्सव है तथा पूरे देश में एक विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरे में इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक नृत्य 'ग्लोबल नृत्य' का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों सहित भारत के सांस्कृतिक नृत्यों का भव्य सम्मिश्रण होगा तथा इस विशिष्ट आयोजन को लेकर पेशेवर कोरियोग्राफर की मदद ली जाएगी
Bhuntar, Kullu | Sep 26, 2026