Public App Logo
पंजाब की गीदड़वाह लंगर कमेटी ने पेश की सेवा और स्वच्छता की अनूठी मिसाल चिंतपूर्णी/भरवाई, 17 अगस्त। सावन मेले के दौरान पंजाब की गीदड़वाह लंगर कमेटी श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी निष्ठा के साथ जुटी हुई है। चिंतपूर्णी और भरवाई के बीच पेट्रोल पंप के सामने स्थित गीदड़वाह धर्मशाला में कमेटी द्वारा 32वां वार्षिक लंगर आयोजित किया जा रहा है। लंगर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कमेटी आसपास के अन्य लंगरों में भी अपने टैंकरों के माध्यम से निःशुल्क जल सेवा उपलब्ध करवा रही है। इतना ही नहीं, यदि आसपास कहीं गंदगी या कचरे का ढेर दिखाई देता है तो कमेटी के स्वयंसेवक तुरंत मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान चलाते हैं। सेवा और स्वच्छता के प्रति कमेटी की यह सोच अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है। कमेटी के पदाधिकारियों में चेयरमैन पवन कुमार बंसल, वाइस प्रेसिडेंट विपन कुमार, गुलशन कुमार बंसल, विजय कुमार बंसल, मोंटी और विजय कुमार शामिल हैं, जो अपने साथियों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा में लगातार योगदान दे रहे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कमेटी के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। - Dera Gopipur News