
#पति_हारे_पत्नियां_जीतीं...
#बिसाऊ चुनाव में दिखा #सियासत का अनोखा #समीकरण
चार दंपति चुनावी रण में उतरे, किसी ने रचा जीत का इतिहास तो किसी का पूरा परिवार रह गया खाली हाथ
बिसाऊ। नगरपालिका चुनाव में इस बार सिर्फ उम्मीदवारों की नहीं, बल्कि कई पति-पत्नी की राजनीतिक साख भी दांव पर लगी हुई थी। चार दंपति जोड़े अलग-अलग वार्डों से चुनावी मैदान में उतरे, लेकिन नतीजों ने दिलचस्प तस्वीर पेश कर दी। कहीं पत्नियों ने जीत का परचम लहराया तो कहीं पति चुनावी मुकाबले में पिछड़ गए। एक दंपति ऐसा भी रहा जिसने एक साथ जीत दर्ज कर राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया, जबकि एक जोड़े को जनता ने पूरी तरह नकार दिया।
सबसे चर्चित जीत कांग्रेस के सलीम सैयद और उनकी पत्नी सलमा सैयद की रही। वार्ड 6 से सलीम सैयद और वार्ड 7 से सलमा सैयद दोनों ने जीत दर्ज कर दंपति के रूप में चुनावी रण फतह कर लिया।
वहीं भाजपा के पूर्व पालिकाध्यक्ष हारुन खत्री को वार्ड 6 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी पत्नी जुलेखा खत्री ने वार्ड 2 से जीत हासिल कर परिवार की सियासी मौजूदगी बरकरार रखी। इसी तरह वार्ड 5 से निर्दलीय प्रत्याशी हासीम खत्री चुनाव हार गए, जबकि उनकी भाजपा प्रत्यासी पत्नी शेहनाज खत्री ने वार्ड 3 से जीत दर्ज कर मुकाबले को रोचक बना दिया।
बिसाऊ गढ़ के पोद्दार परिवार के लिए चुनावी नतीजे निराशाजनक रहे। कांग्रेस के संजय पोद्दार वार्ड 18 से और उनकी पत्नी नेहा पोद्दार वार्ड 19 से चुनाव मैदान में थे, लेकिन दोनों को हार का सामना करना पड़ा।
पालिका चुनाव के इन परिणामों ने साफ कर दिया कि मतदाताओं ने रिश्तों से ज्यादा उम्मीदवारों की व्यक्तिगत पहचान और वार्ड स्तर की पकड़ को महत्व दिया। यही वजह रही कि कई जगह पति-पत्नी के राजनीतिक समीकरण भी जनता के फैसले के आगे बदल गए।
#बिसाऊ_पालिका_चुनाव #ElectionResult #BissauNews #ShekhawatiExpress #स्थानीय_निकाय_चुनाव #राजनीतिक_रण #bissaumunicipality