
शिमला में सेपक टाकरॉ के विकास को नई उड़ान, जिला स्तरीय एसोसिएशन का गठन।
जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तराशने, स्थानीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने और खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने पर रहेगा जोर
शिमला। सेपक टकरॉ खेल को शिमला जिले में जमीनी स्तर तक पहुंचाने और स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। 14 अगस्त 2026 को द मॉल, शिमला में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान District Shimla Sepak Takraw Association का आधिकारिक गठन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता हिमाचल एमेच्योर सेपक टकरॉ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पी.एन. आजाद ने की। इस दौरान जिले में सेपक टकरॉ खेल को व्यवस्थित एवं व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नवगठित जिला एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य शिमला जिले में सेपक टकरॉ की जमीनी स्तर पर मजबूत नींव तैयार करना, खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में एसोसिएशन की कार्यकारिणी का गठन करते हुए कपिल शर्मा को चेयरमैन तथा अंशुल सकलानी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं दीपक सुंद्रियाल और डॉ. उदय को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जबकि संत अरविंद कुमार और सरदार विक्रम सिंह जीत को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिमला जिले में सेपक टकरॉ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर की सक्षम खेल संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
पदाधिकारियों का कहना है कि जिला स्तर पर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार होने से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में स्कूलों, युवा खिलाड़ियों और स्थानीय खेल संस्थाओं को इस अभियान से जोड़कर सेपक टकरॉ को व्यापक स्तर पर लोकप्रिय बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
न्यूज टुडे हिमाचल
शिमला ब्यूरो