
देहरादून: अनुराग डोभाल गिरफ्तार, रिश्तेदार ने लगाया मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप
देहरादून: बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 Rider एक बार फिर विवादों में हैं। देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ उनके रिश्तेदार राज सिंह चौहान की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अनुराग डोभाल और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत में गला दबाने, लोहे की वस्तु से हमला करने और वाहन से कुचलने की कोशिश समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों पक्षों को पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, वहां भी विवाद की स्थिति बनने के बाद अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने शिकायतकर्ता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। मामले में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आएंगे तथ्य
फिलहाल मारपीट और जान से मारने की कोशिश से जुड़े आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
The Uttarakhand Now मामले से जुड़ी आगे की जानकारी और पुलिस कार्रवाई पर लगातार अपडेट रखेगा।