
### सीवान में स्कूल के पास शिक्षक को दिनदहाड़े मारी गोली, पटना रेफर; पूछताछ के दौरान वारदात को अंजाम देने का आरोप
सीवान। बिहार के सीवान जिले के असांव थाना क्षेत्र के शिवरी गांव में सोमवार को दिनदहाड़े एक शिक्षक को गोली मारने की घटना सामने आई है। घायल शिक्षक की पहचान 45 वर्षीय किशोर गिरी के रूप में हुई है। वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय, शिवरी में शिक्षक और आंदर प्रखंड की पूर्व प्रमुख के पति बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
### कमरे में युवक-युवती के होने की सूचना पर पहुंचे थे शिक्षक
परिजनों के अनुसार, विद्यालय के बगल स्थित एक कमरे में दो युवक और एक युवती मौजूद थे। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने युवकों को वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या ने शिक्षक किशोर गिरी को फोन कर मौके पर बुलाया।
बताया जाता है कि किशोर गिरी कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर मौजूद युवकों से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि एक युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली कान के पीछे लगी, जिसके बाद शिक्षक जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद दोनों युवक और युवती मौके से फरार हो गए।
### गंभीर हालत में पटना रेफर
गोली लगने के बाद घायल शिक्षक को तत्काल आंदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया। बताया गया है कि गोली कान के पीछे फंसी हुई है।
### पुलिस ने घटनास्थल से खोखा किया बरामद
घटना की सूचना मिलते ही असांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार के अनुसार, युवक और युवती अपनी मर्जी से कमरे में आए थे। इसी मामले को लेकर शिक्षक वहां पूछताछ करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक द्वारा गोली चलाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल का एक खोखा बरामद किया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपित युवकों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घायल शिक्षक या उनके परिजनों की ओर से घटना के संबंध में लिखित आवेदन अथवा बयान दर्ज नहीं कराया गया था।
Rahui, Nalanda | Sep 29, 2026