
चांवरबांधा फुटबॉल टूर्नामेंट में मुसाफिर एफसी का जलवा, छोलागोड़ा को 1-0 से हराकर जीता खिताब, सांसद जोबा माझी ने विजेता को दिए 1.15 लाख रुपये
राजनगर (सरायकेला-खरसावां)। राजनगर प्रखंड क्षेत्र के चांवरबांधा गांव में सुराई मेमोरियल क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। खिताबी मुकाबले में मुसाफिर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीडीएफसी छोलागोड़ा को 1-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के वरिष्ठ नेता सह शिक्षाविद प्रोफेसर कालीपद सोरेन और प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम मौजूद रहे। इनके अलावा गोपाल महतो, छूटू लाल महतो, दिलीप महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। फाइनल मुकाबला देखने के लिए मैदान में हजारों की संख्या में खेलप्रेमी जुटे थे।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा। निर्णायक क्षण में मुसाफिर एफसी के खिलाड़ियों ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद सीडीएफसी छोलागोड़ा की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। निर्धारित समय तक यही स्कोर कायम रहा और मुसाफिर एफसी ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में सांसद जोबा माझी ने विजेता मुसाफिर एफसी को 1 लाख 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता सीडीएफसी छोलागोड़ा को 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में सावान स्पोर्टिंग अमलाटांड़ ने तीसरा और मनस स्पोर्टिंग चांवरबांधा ने चौथा स्थान प्राप्त किया। दोनों टीमों को भी आयोजकों की ओर से नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
झामुमो के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रतियोगिता के दौरान मैदान में हजारों की संख्या में खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी रही। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह से पूरा मैदान खेलमय बना रहा। समापन समारोह में सुराई मेमोरियल क्लब के आयोजन समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
#Rajnagar #Chhotanagpurlivenews #jobamajhi