
जिला पदाधिकारी की पहल पर व्यवसायी-उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित
सुरक्षा, जाम, स्वच्छता, बिजली, स्टार्टअप और रोजगार सृजन समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
वैशाली जिला प्रशासन की पहल पर जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह की अध्यक्षता में व्यवसायी-उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख व्यवसायियों एवं उद्यमियों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया।
संवाद के दौरान व्यवसायियों ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, सड़क जाम, साफ-सफाई, विद्युत कनेक्शन और शस्त्र लाइसेंस सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में स्टार्टअप एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिला उद्योग केंद्र के स्टार्टअप सेल के माध्यम से युवाओं एवं उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने युवाओं और उद्यमियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर नए उद्यम स्थापित करने तथा रोजगार के अवसर सृजित करने की अपील की।
जिला पदाधिकारी ने नशामुक्ति अभियान को लेकर व्यवसायियों एवं उद्यमियों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में नशे के कारोबार के प्रति सजग रहें तथा इसकी जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें।
उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए 15 अगस्त को घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन और व्यवसायी-उद्यमी समुदाय के बीच निरंतर संवाद, समन्वय और सहयोग बनाए रखने पर सहमति बनी। जिला प्रशासन ने जिले में बेहतर कारोबारी एवं उद्यमिता वातावरण विकसित करने का भरोसा दिलाया।
#Vaishali #VaishaliNews #Hajipur #HajipurNews #BiharNews #Bihar #BusinessNews #Udyami #Vyapari #Startup #Entrepreneurship #Employment #NashaMuktVaishali #NashaMuktiAbhiyan #HarGharTiranga #PMSuryaGharYojana #DistrictAdministration #VaishaliAdministration #YoungIndiaNews