
तिरंगे की गौरवशाली यात्रा से रूबरू हुए मा0 राज्य मंत्री
टाउन हॉल में लगी प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज के विकास की ऐतिहासिक यात्रा का किया अवलोकन
जितेंद्र गुप्ता ✍️ । जालौन
मा० राज्य मंत्री, वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उ0प्र0 डॉ० अरूण कुमार, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक, बीजेपी जिलाध्यक्षा उर्विजा दीक्षित, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने फीता काटकर टाउन हॉल में लगी राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ के इतिहास एवं विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के दौर से लेकर स्वतंत्र भारत के राष्ट्रीय ध्वज के वर्तमान स्वरूप तक की गौरवशाली यात्रा को क्रमबद्ध रूप से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज के प्रारंभिक स्वरूप से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों में सामने आए ध्वजों के स्वरूप तथा विदेश में भारतीय ध्वज फहराए जाने जैसी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही होम रूल आंदोलन के दौरान प्रयुक्त ध्वज, राष्ट्रीय ध्वज के विभिन्न प्रारूपों तथा तिरंगे के स्वरूप को व्यापक स्वीकृति मिलने की ऐतिहासिक यात्रा को भी दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में स्वतंत्र भारत के राष्ट्रीय ध्वज के वर्तमान स्वरूप को स्वीकार किए जाने की ऐतिहासिक घटना को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग के साथ मध्य में अंकित अशोक चक्र के महत्व को भी विस्तार से दर्शाया गया है। तिरंगे का प्रत्येक रंग और अशोक चक्र देश की स्वतंत्रता, शांति, विकास, कर्तव्य और निरंतर प्रगति का संदेश देता है।
मा० राज्य मंत्री, वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उ0प्र0 डॉ० अरूण कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संघर्ष, बलिदान, एकता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के स्वरूप में समय के साथ हुए बदलावों की यह यात्रा देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण की गौरवगाथा को भी सामने लाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां नई पीढ़ी को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके महत्व और उससे जुड़े गौरवशाली अध्यायों से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी।
#tirangayatra #indianflag #orai #jalaun #dmjalaun #spjalaun #Townhallorai #up92
Orai, Jalaun | Aug 13, 2026