
हर घर तिरंगा के साथ हर घर नौकरी की बात भी हो: अजय गौतम
पंचकूला। पंचकूला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय गौतम ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देशभक्ति और धार्मिक आस्था का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन सरकार को हर परिवार की रोजी-रोटी और रोजगार की भी चिंता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” देश को जोड़ने वाला संदेश है, लेकिन इसके साथ “हर घर नौकरी” की बात भी होनी चाहिए। युवाओं से रोजगार के वादे किए गए थे, अब उन वादों का हिसाब देने का समय है।
अजय गौतम ने कहा कि धार्मिक स्थलों का निर्माण और आस्था का सम्मान जरूरी है, लेकिन साथ-साथ युवाओं के हाथ में रोजगार और हर परिवार के घर में स्थायी आय भी होनी चाहिए। तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा।
उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि “जब हर घर तिरंगा पहुंच सकता है, तो हर घर रोजगार क्यों नहीं?” युवाओं को भाषण नहीं, बल्कि नौकरी और रोजगार के अवसर चाहिए।
उन्होंने सरकार से महंगाई, बेरोजगारी और आम आदमी की रोजी-रोटी के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने तथा रोजगार संबंधी वादों को पूरा करने की अपील की।
— अजय गौतम
उपाध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी पंचकूला