
#नालंदा - वेना थाना क्षेत्र के NH 20 पर अरौत पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ऑटो ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, छह लोग गंभीर रूप से हुए घायल, इलाज के लिए भेजा गया सदर अस्पताल
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
वेना - बख्तियारपुर-बिहारशरीफ एनएच-20 पर वेना थाना क्षेत्र के अरौत पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो युवक ऑटो और ट्रक के बीच फंस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वेना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला गया। ऑटो और ट्रक के बीच बुरी तरह फंसे दो युवकों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों में अंजनी कुमारी पति प्रदीप कुमार, सोनू कुमार पिता अशोक कुमार, आकाश कुमार पिता अशोक कुमार दोनों लहेरी थाना क्षेत्र के भरावपर मोहल्ला निवासी, सोनू कुमार पिता अमरकांत सिंह, रीना देवी पति प्रमोद सिंह निवासी नैनी गांव समेत ऑटो चालक शामिल हैं। सभी घायलों को पुलिस वाहन से इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस की तत्परता के कारण सभी घायलों को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि हादसा काफी गंभीर था और ऑटो में सवार दो युवक ट्रक और ऑटो के बीच बुरी तरह फंस गए थे। यदि समय पर राहत एवं बचाव कार्य नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जाता है कि तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे के बाद एनएच-20 पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Rahui, Nalanda | Aug 14, 2026