
बलिया में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर पेट्रोल पम्प के पास पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की गाड़ी और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक मोहम्मद अरशद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ओम प्रकाश गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद मऊ रेफर किया गया है।
गड़वार थाना प्रभारी हितेश कुमार के मुताबिक, बाइक पर दो लोग सवार थे। 40 वर्षीय अरशद मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 38 वर्षीय ओमप्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह रसड़ा के पूर्व विधायक दिवंगत उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान चिलकहर के पास उनकी गाड़ी और बाइक के बीच टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
#Ballia #Balliakhabar #Surendrasingh #bairiya #accident