
मातृ मृत्यु के मामलों में कलेक्टर सख्त, निजी डॉक्टर पर एफआईआर के निर्देश
शिवनगर-इटावा प्रकरण में डॉ. राहुल व्यास पर कार्रवाई; सीहोर और उज्जैन के तीन अस्पतालों पर भी कार्रवाई के निर्देश
देवास। जिले में मातृ मृत्यु के प्रकरणों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने मातृ मृत्यु के मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित प्रकरणों में जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिवनगर, इटावा के एक मातृ मृत्यु प्रकरण में कलेक्टर ने निजी चिकित्सक डॉ. राहुल व्यास के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीहोर के रामउदय अस्पताल तथा उज्जैन के आशीर्वाद अस्पताल और मां पीतांबरा अस्पताल के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित मृतक महिलाओं के परिजनों और स्वास्थ्य अमले से चर्चा कर प्रकरणों की जानकारी ली। संबंधित मामलों में शासन स्तर पर पत्र भेजकर अस्पतालों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
बैठक में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर यह भी निर्देश दिए गए कि जहां सोनोग्राफी की जाती है, वहां उसी दिन ब्लड टेस्ट भी कराया जाए। शासकीय और निजी संस्थानों को इसकी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।