
सेवा पखवाड़ा के तहत गोड्डा में चला स्वच्छता अभियान, बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल की हुई सफाई
गोड्डा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत गोड्डा की ओर से सेवा पखवाड़ा के तहत मंगलवार को गोड्डा नगर क्षेत्र के कदवा टोला स्थित भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिमा स्थल एवं उसके आसपास के परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
मेरा युवा भारत गोड्डा के जिला युवा अधिकारी रविन्द्र मीणा के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में विद्यालयों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई, वृक्षारोपण, जरूरतमंदों की सेवा और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पखवाड़ा के अंतिम दिन रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
स्वच्छता अभियान के दौरान मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक गौतम कुमार महतो ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आसपास के सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना चाहिए। गंदगी से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर विकसित भारत पर आधारित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता (VBYLD 2027) में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 30 सितंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित है। इसमें शामिल होकर युवा अपनी प्रतिभा को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकते हैं।
कार्यक्रम में गंगटा कला पंचायत के वार्ड सदस्य दशरथ महतो, लालजी महतो, विमल कुमार, राम कुमार, अजीत यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
#Godda #MeraYuvaBharat #SwachhtaAbhiyan #SevaPakhwada2026 #BirsaMunda #GoddaNews #JharkhandNews #SwachhBharat #VBYLD2027 #YouthPower #ChhotanagpurLive #छोटानागपुरलाइव