
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पन्ना में चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न
पन्ना विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, वाटर कूलर की दी सौगात
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पन्ना में गत दिवस सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विद्यालय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने चित्रकला प्रतियोगिता स्थल का अवलोकन किया और बाल चित्रकारों द्वारा कैनवास पर उकेरे गए रंगों व उनकी सृजनात्मक सोच की प्रशंसा की। इस दौरान प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री स्कीम के तहत ज्ञानवर्धक टीएलएम बुकलेट का वितरण भी किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को ग्रीष्मकाल में पेयजल संकट से स्थाई निजात दिलाने के उद्देश्य से विधायक ने अपनी विधायक निधि से विद्यालय को चार अत्याधुनिक वॉटर कूलर सौगात स्वरूप प्रदान किए। वॉटर कूलरों का फीता काटकर शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल मिलना उनका बुनियादी अधिकार है और विधायक निधि का यह जनहितैषी उपयोग सीधे तौर पर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को समर्पित है।
नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय ने पीएम श्री योजना अंतर्गत छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित कर शिक्षा, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और गरिमा की रक्षा के प्रति जागरूक किया। एक्सिस बैंक पन्ना शाखा के प्रबंधक शैलेश श्रीवास्तव के विशेष सौजन्य से बैंक द्वारा प्रायोजित आकर्षक पुरस्कारों से कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यालय के टॉपर्स को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस मौके पर विद्यालय की लोकतांत्रिक एवं अनुशासित परंपरा का निर्वहन करते हुए नवीन छात्र परिषद का आधिकारिक शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित हुआ। अतिथियों ने स्कूल कैप्टन व वाइस कैप्टन को आधिकारिक रूप से छात्र परिषद में शामिल किया। छात्र पदाधिकारियों को पद की गरिमा, विद्यालय के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और सेवा संकल्प की गोपनीयता की सामूहिक शपथ दिलाई गई। पन्ना विधायक ने विद्यार्थियों को निरंतर ज्ञानार्जन, कठोर अनुशासन और सेवा भावना के मार्ग पर चलने की सीख दी। उन्होंने पन्ना जिले का नाम शिक्षा और खेल के क्षेत्र में देश भर में रोशन करने के लिए छात्र-छात्राओं को अपना शुभाशीष व अमूल्य आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य अमित दाहिया सहित शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
#KendriyaVidyalayaPanna #Panna #PannaNews #BrijendraPratapSingh #PannaMLA #ChitrakalaPratiyogita #DrawingCompetition #StudentTalent #MeritoriousStudents #StudentCouncil #EducationNews #PannaEducation #PMShriYojana #WaterCooler #StudentAchievement #SchoolNews #MadhyaPradesh #MPNews #Education #ViralNews #TrendingNews #News19MadhyaPradesh