
छात्र की तबीयत बिगड़ने पर डीएम-एसपी ने विद्यालय पहुंचकर लिया जायजा
छात्र को राजकीय मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती, सभी विद्यार्थियों का कराया गया स्वास्थ्य परीक्षण
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने श्री कृष्ण संस्कृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुरु का इटौरा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय में एक छात्र के स्वास्थ्य खराब होने की सूचना मिलते ही दोनों अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। छात्र को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र को किसी विषैले कीड़े के काटने की आशंका बताई गई है। छात्र के गले में तेज दर्द की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में तत्काल स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर सभी छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों की जांच की, ताकि किसी अन्य छात्र में भी स्वास्थ्य संबंधी कोई लक्षण पाए जाने पर समय से उपचार उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने विद्यालय में छात्रों के रहने और सोने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। संस्कृत विद्यालय में गुरुकुल परंपरा के अनुरूप ब्रह्मचर्य अवस्था में भूमि पर सोने की परंपरा का छात्र पालन कर रहे हैं। बरसात के मौसम और विषैले कीड़ों की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने छात्रों की सुरक्षा के लिए जमीन पर सोने के बजाय तख्त या चारपाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परंपराओं के साथ-साथ वर्तमान परिस्थितियों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी छात्र की तबीयत खराब होने अथवा असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक उपचार एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन, खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा आदि मौजूद रहे।
#spjalaun #dmjalaun #OraiNews #jalaunnews #students #studentlife
Orai, Jalaun | Aug 15, 2026