
अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई
-
रेत उत्खनन में संलिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं गिट्टी परिवहन करते ट्रक को किया जप्त
-
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशों के पालन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को खनिज विभाग के दल द्वारा कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रक को जप्त किया गया।
सहायक खनि अधिकारी के नेतृत्व में खनिज विभाग के दल द्वारा प्रातः गोपनीय रूप से ग्राम श्रीनगर में कार्रवाई की गई। ग्राम के श्मशान घाट के पीछे रेत का अवैध उत्खनन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया। खनिज विभाग के दल को देखकर अवैध उत्खनन में संलिप्त व्यक्ति मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं उत्खनन में उपयोग किए जा रहे औजार छोड़कर फरार हो गया। मौके से अवैध उत्खननकर्ता के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। जप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को देहात थाने में सुरक्षित रखवाया गया है।
इसके पश्चात खनिज विभाग के दल द्वारा ग्राम अस्तोन में गिट्टी खनिज का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रक क्रमांक यूपी 93 बीटी 6411 को जप्त किया गया। वाहन चालक द्वारा वाहन को अरविंद झा, निवासी गुड़ा महरौनी, उत्तर प्रदेश का होना बताया गया। गिट्टी से भरे जप्त ट्रक को पुलिस चौकी अस्तोन में सुरक्षित रखवाया गया है।
खनिज विभाग द्वारा दोनों प्रकरणों को खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई एवं अर्थदंड निर्धारण के लिए कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh