
**अररिया।** अररिया में शराब से लदे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शराब की बोतलें लूटने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर **4 लोगों को गिरफ्तार** किया है। वहीं, मामले में **8 नामजद समेत करीब 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज** की गई है।
घटना शुक्रवार को **रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट टोल प्लाजा के पास** हुई। शराब से लदा ट्रक डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बताया गया कि ट्रक में सीमेंट की आड़ में विदेशी शराब की पेटियां छिपाकर ले जाई जा रही थीं। हादसे के बाद शराब की बोतलें और कार्टन सड़क पर बिखर गए।
इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और शराब की बोतलें उठाने लगे। वायरल वीडियो में कुछ लोग ट्रक के ऊपर चढ़कर शराब निकालते हुए भी दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
अररिया सदर एसडीपीओ **सुशील कुमार** के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर शराब ले जाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बची हुई शराब को जब्त कर लिया।
पुलिस ने **खरहट पंचायत के रोहित कुमार, सुबोध विश्वास तथा नंदकार के रूपेश विश्वास और गौरव विश्वास** को गिरफ्तार किया है। इनके पास से **7.5 लीटर अवैध विदेशी शराब** बरामद होने की बात कही गई है। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, मामले में **8 लोगों को नामजद** किया गया है। इसके अलावा **40 से 50 अज्ञात लोगों पर भी केस दर्ज** किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान में जुटी है। मामले की जांच जारी है।