
नशे के खिलाफ SP संतोष कुमार का बड़ा एक्शन, लापरवाही पर थानाध्यक्ष निलंबित।
किशनगंज पुलिस में अनुशासन को लेकर SP संतोष कुमार का सख्त संदेश, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार पर गिरी गाज।
किशनगंज: जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस महकमे के भीतर भी अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गलगलिया थानाध्यक्ष पु0अ0नि0 राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को गलगलिया थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध छापेमारी के दौरान थानाध्यक्ष के संदिग्ध आचरण एवं कार्य में शिथिलता की सूचना मिली थी। मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किशनगंज 02 से कराई गई। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर राकेश कुमार पर संदिग्ध आचरण, अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता, मनमानेपन और वरीय पदाधिकारी के आदेश के उल्लंघन के आरोप में निलंबन की कार्रवाई की गई है।
SP संतोष कुमार की इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में जवाबदेही और अनुशासन कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ही SP ने अपने ही विभाग में लापरवाही के आरोपों पर भी तत्काल कार्रवाई का संदेश दिया है।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति Zero Tolerance की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SP संतोष कुमार की इस कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून व्यवस्था और नशे के खिलाफ अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक का यह सख्त और निष्पक्ष रवैया विभागीय अनुशासन को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।
Kishanganj Police