
*पोठिया में सरकारी योजना के स्थान परिवर्तन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग*
किशनगंज/पोठिया: सरकारी योजना के बोर्ड पर एक जगह का नाम और धरातल पर काम दूसरी जगह किए जाने को लेकर पोठिया प्रखंड में विवाद खड़ा हो गया है। मामला भोटाथाना पंचायत अंतर्गत महातगच्छ में सार्वजनिक शौचालय निर्माण से जुड़ा है। योजना के लगाए गए बोर्ड में स्पष्ट रूप से महातगच्छ का उल्लेख है, जबकि ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य पीपलबाड़ी मदरसा परिसर में कराया जा रहा है। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध जताते हुए योजना को निर्धारित स्थल पर ही कराने की मांग की है।
बोर्ड पर दर्ज जानकारी के अनुसार यह योजना 15वीं वित्त आयोग (TIED) मद से जिला परिषद अंश के तहत स्वीकृत है। योजना संख्या 49/2025-26 बताई गई है। प्राक्कलित राशि 5,46,400 रुपये अंकित है। बोर्ड पर पंचायत सचिव शुकलाल सोरेन का नाम भी दर्ज है। योजना का उद्घाटन जिला परिषद किशनगंज क्षेत्र संख्या 15 की सदस्य श्रीमती शाइरा बानो के नाम से अंकित है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब योजना के बोर्ड पर निर्माण स्थल महातगच्छ दर्शाया गया है तो फिर इसका निर्माण पीपलबाड़ी मदरसा परिसर में किस आधार पर कराया जा रहा है। यदि स्थल परिवर्तन की अनुमति ली गई है तो उसका आदेश और कारण सार्वजनिक किया जाए। वहीं यदि बिना स्वीकृति स्थल बदला गया है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और योजना से जुड़े कर्मियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सरकारी योजना किसी व्यक्ति या संस्था की सुविधा के अनुसार नहीं, बल्कि स्वीकृत स्थल और निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप धरातल पर उतरनी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थल का भौतिक सत्यापन करें और अभिलेखों में दर्ज स्थल तथा निर्माण स्थल का मिलान करें।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मामले में स्पष्टता नहीं आने तक वे निर्माण कार्य को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे। अब सवाल सीधे संबंधित विभागीय अधिकारियों से है कि योजना की स्वीकृति किस स्थल के लिए हुई, स्थल परिवर्तन की अनुमति किसने दी और यदि अनुमति नहीं ली गई तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक योजना से संबंधित भुगतान की प्रक्रिया पर भी नियमानुसार रोक लगाई जाए।