#चंदनकियारी के जंगल में फंदे से लटका मिला अज्ञात युवक का शव
///
चंदनकियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगामटिया गांव के समीप जंगल में बुधवार देर शाम पेड़ से फंदे के सहारे लटका एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जंगल में युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना चंदनकियारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।