
हसपुरा में 7.29 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार, बाइक व मोबाइल जब्त
हसपुरा (औरंगाबाद)। हसपुरा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7.29 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टाल गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ गुलाब और अजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक बाइक, दो मोबाइल फोन और 8,120 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि पुलिस टीम हसपुरा-देवकुंड रोड पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे काली पॉलीथिन में रखे पांच पाउच से कुल 7.29 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में नशीले पदार्थ की खुदरा बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया और बरामद सामान को जब्त कर लिया गया।
मामले में हसपुरा थाना कांड संख्या 348/26 दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।