
स्वतंत्रता दिवस पर शराब की ‘सीक्रेट सेल’…
पुलिस ने 252 पव्वों के साथ दो को दबोचा
स्वतंत्रता दिवस के दिन जब शहर देशभक्ति के रंग में डूबा था, तब कुछ लोग चोरी-छिपे अवैध शराब बेचने में लगे थे। शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए क्राइम ब्रांच की दो अलग-अलग टीमों ने आनंद और नवीन नामक दो आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 252 पव्वे देसी शराब बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 15 अगस्त को क्राइम ब्रांच DLF की टीम को सेक्टर-143 स्थित एक खाली दुकान से अवैध शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-143 निवासी आनंद को पकड़ा। तलाशी के दौरान दुकान से 162 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद हुए। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने संत नगर, NIT फरीदाबाद में की। यहां टीम ने NIT निवासी नवीन को 90 पव्वे अवैध देसी शराब के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 252 पव्वे देसी शराब बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।