
लखीसराय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह: समर्थकों का हुआ भव्य स्वागत, लेकिन मरांची के पीड़ित परिवार की उपेक्षा पर उठे सवाल
केंद्रीय जल शक्ति एवं पंचायती राज मंत्री सह मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह अपने तीन दिवसीय दौरे के क्रम में आज लखीसराय पहुंचे। पटना और लखीसराय जिले की सीमा पर बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। लेकिन इस भव्य राजनीतिक स्वागत समारोह के बीच मोकामा क्षेत्र के लोगों और पीड़ित परिवारों के दिलों में गहरा असंतोष और निराशा देखने को मिल रही है।
सवाल यह उठ रहा है कि जब केंद्रीय मंत्री का काफिला पटना और लखीसराय की सीमा से होकर गुजरा—जहां मरांची के रामप्रवेश सिंह का पीड़ित परिवार न्याय और सांत्वना की आस लगाए बैठा था—तब क्या उनसे मिलना इतना कठिन था? जिस सीमा क्षेत्र पर सैकड़ों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन और स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, वहां से महज कुछ दूरी पर मौजूद एक पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करने में क्या कोई तकनीकी या व्यावहारिक परेशानी थी?
मोकामा और मरांची के स्थानीय लोगों के बीच इस बात को लेकर भारी टीस है कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले और केंद्र सरकार में एक बड़े पद पर आसीन नेता के पास अपने ही क्षेत्र के एक शोकाकुल परिवार के लिए दो शब्द संवेदना के भी नहीं थे। समर्थकों की भीड़ और जिंदाबाद के नारों के बीच उस परिवार की पीड़ा कहीं गुम होकर रह गई, जो इस कठिन समय में अपने जन प्रतिनिधि से केवल सहानुभूति और न्याय के आश्वासन की उम्मीद कर रहा था।
#Mokama Rajiv Ranjan Singh Lalan Singh
Mokameh, Patna | Oct 1, 2026