बेगूसराय में NH-31 पर दर्दनाक हादसा, चारा लाने निकले व्यक्ति को वाहन ने कुचला
#बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सनहा ढाला के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान सनहा नया टोला वार्ड संख्या-10 निवासी अयोध्या महतो के 55 वर्षीय पुत्र बौकु महतो के रूप में हुई है. यह हृदयविदारक हादसा सनहा ढाला से करीब 500 मीटर पश्चिम राजा पेट्रोल पंप के बीच एनएच-31 पर घटित हुआ.
परिजनों के मुताबिक, बौकु महतो रोज की तरह अपने मवेशियों के लिए हरा चारा लाने के उद्देश्य से घर से बाहर निकले थे. जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, तभी एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए बेरहमी से कुचल दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बौकु महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा.