
योग के प्रचार-प्रसार एवं संवर्धन के क्षेत्र में डॉ. जयदीप आर्य को हरियाणा राज्य पुरस्कार
पंचकूला 15 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री, श्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य को योग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए हरियाणा राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
योग ऋषि स्वामी रामदेव जी के परम शिष्य एवं करनाल के स्वतंत्रता सेनानी श्री रामशरण आर्य जी के पौत्र डॉ. जयदीप आर्य ने योग के प्रचार-प्रसार एवं संवर्धन के साथ-साथ योग शिक्षा, जनजागरण और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
यह राज्य पुरस्कार योग के प्रचार-प्रसार एवं संवर्धन, जनजागरण, शिक्षण, अनुसंधान तथा समाज में स्वस्थ जीवनशैली के प्रसार के लिए उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के सम्मान में प्रदान किया गया।
हरियाणा में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा योग को शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के साथ प्रभावी रूप से जोड़ने की दिशा में डॉ. आर्य के प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश में योग के संस्थागत विकास, योग शिक्षा तथा योगासन खेल को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल आगे बढ़ी हैं।
यह सम्मान योग के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन समर्पण एवं योगदान की महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय मान्यता है तथा हरियाणा को स्वस्थ, जागरूक एवं योगमय बनाने के प्रयासों को और गति प्रदान करेगा।