
एम्स बिलासपुर में दुर्लभ कैंसर की सफल सर्जरी, 10×8 सेंटीमीटर का ट्यूमर निकाला
बिलासपुर स्थित एम्स के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के विशेषज्ञों ने एक बेहद दुर्लभ और जटिल कैंसर की सफल सर्जरी कर महत्वपूर्ण चिकित्सा उपलब्धि हासिल की है। शिमला क्षेत्र के रहने वाले मरीज के पेट की गहराई में करीब 10×8 सेंटीमीटर का बड़ा ट्यूमर पाया गया था।
डॉक्टरों के अनुसार मरीज को इन्फीरियर वेना कावा लियोमायोसारकोमा था। यह एक बेहद दुर्लभ प्रकार का कैंसर है, जो शरीर की सबसे बड़ी शिरा इन्फीरियर वेना कावा (IVC) से विकसित होता है। यह नस शरीर के निचले हिस्से से रक्त को वापस हृदय तक पहुंचाती है।
ट्यूमर मुख्य धमनी के बेहद करीब होने के कारण सर्जरी को अत्यंत जोखिमपूर्ण माना जा रहा था। इसके बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए ट्यूमर को निकाल दिया और मरीज की जान बचाने में सफलता हासिल की।
जानकारी के मुताबिक, इस दुर्लभ बीमारी के अब तक दुनिया भर में 450 से भी कम मामले मेडिकल इतिहास में दर्ज होने की बात सामने आई है। एम्स बिलासपुर में इस तरह के जटिल मामले की सफल सर्जरी संस्थान की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
#AIIMSBilaspur #Bilaspur #HimachalPradesh #RareCancer #MedicalAchievement #UTHimachal #UniqueTodayNews